Jharkhand Weather Alert: चक्रवाती तूफान दाना का कहर, झारखंड में भारी बारिश की चेतावनी, कई जिलों में स्कूल बंद, जानें मौसमी हालात…

Share This News

रांची मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान ‘दाना’ के कारण आज झारखंड के पूर्वी और पश्चिमी जिलों में भारी बारिश की संभावना है। राजधानी रांची, धनबाद, बोकारो, कोडरमा, लातेहार, चतरा, देवघर, पूर्वी और पश्चिम सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा और खूंटी में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इन इलाकों में 75 से 100 मिमी तक बारिश हो सकती है। बारिश के साथ बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है, जिससे इन जिलों के निवासियों को अतिरिक्त सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के वरिष्ठ अधिकारी अभिषेक आनंद ने जानकारी दी कि पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम के लोग विशेष रूप से सावधान रहें, क्योंकि इन इलाकों में भारी बारिश के साथ बिजली गिरने का खतरा ज्यादा है।

सरकार ने एहतियातन कोल्हान प्रमंडल के सभी स्कूलों को आज बंद रखने का निर्णय लिया है। इसमें पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले शामिल हैं। इन जिलों के सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद रहेंगे। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घर से बाहर निकलते समय सावधानी बरतें और अनावश्यक यात्रा से बचें।

भारी बारिश के चलते राज्य के कई जिलों में तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट आ सकती है। अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। वहीं, न्यूनतम तापमान 18 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

धनबाद, देवघर, गिरिडीह, गोड्डा और अन्य जिलों में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। वहीं, कोडरमा, चतरा, लातेहार, और गढ़वा में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने बताया है कि इन जिलों में आने वाले कुछ दिनों तक मौसम ठंडा और नमी भरा बना रहेगा। लोगों को बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की हिदायत दी गई है।

झारखंड में चक्रवाती तूफान ‘दाना’ का असर दिखने लगा है, और राज्य सरकार ने इस आपदा से निपटने के लिए आवश्यक कदम उठाए हैं। स्कूलों को बंद रखना और लोगों को सतर्क रहना राज्य प्रशासन के प्राथमिक उपायों में शामिल है।

Related Post