गिरिडीह में अमित शाह की हुंकार: “झारखंड में बनेगी भाजपा की सरकार, घुसपैठ और नक्सलवाद पर रोक लगेगी…

Share This News

गिरिडीह में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भाजपा उम्मीदवार निर्भय शाहबादी के समर्थन में चुनावी रैली को संबोधित किया। उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने राज्य को भ्रष्टाचार और घुसपैठ की ओर धकेला है। शाह ने पहले चरण के चुनाव परिणामों की ओर इशारा करते हुए दावा किया कि जनता ने झारखंड में भाजपा की सरकार बनाना तय कर लिया है।

 

अपने संबोधन में शाह ने हेमंत सोरेन पर पिछड़ा वर्ग और आदिवासियों के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “हेमंत सोरेन मुसलमानों को आरक्षण देने की बात करते हैं, जो ओबीसी और दलितों के हक पर चोट है। भाजपा के रहते ऐसा नहीं होने दिया जाएगा।

 

शाह ने झारखंड की प्राकृतिक संपदाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य समृद्ध होने के बावजूद यहां के लोग गरीब हैं, जिसका कारण भ्रष्टाचार है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा सरकार बनने पर युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा किए जाएंगे ताकि उन्हें राज्य से बाहर ना जाना पड़े। उन्होंने गिरिडीह की जनता से अपील की कि भाजपा को जिताकर राज्य में विकास का मार्ग प्रशस्त करें।

 

घुसपैठियों पर बोलते हुए शाह ने दावा किया कि घुसपैठियों की वजह से झारखंड में कई समस्याएं उत्पन्न हुई हैं। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार बनी तो इन घुसपैठियों को झारखंड में पैर रखने नहीं देंगे और आदिवासियों की हड़पी गई जमीन वापस करेंगे।”

 

अमित शाह ने कश्मीर का मुद्दा भी उठाया और कहा कि कांग्रेस अनुच्छेद 370 को वापस लाने की बात करती है। शाह ने कड़े शब्दों में कहा, “कश्मीर भारत का है, और उसे कोई हमसे नहीं छीन सकता।” पुलवामा हमले के बाद मोदी सरकार की सर्जिकल स्ट्राइक का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि भाजपा ने आतंकवाद पर कड़ा रुख अपनाया है।

 

शाह ने वादा किया कि 2026 तक छत्तीसगढ़ और अन्य क्षेत्रों में भी नक्सलवाद का खात्मा किया जाएगा। उन्होंने झारखंड की जनता से अपील की कि राज्य को सुरक्षित और समृद्ध बनाने के लिए भाजपा को वोट दें।

 

Related Post