गिरिडीह: गांडेय प्रखंड कार्यालय के समीप झारखंड राज्य महिला जलसहिया कर्मचारी संघ के बैनर तले प्रखंड स्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रखंड के विभिन्न पंचायतों से बड़ी संख्या में जलसहिया शामिल हुईं। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष सूरजमुनी किस्कू ने की, जबकि संचालन सरिता देवी ने किया।
बैठक में संगठन को मजबूत करने और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया। सरिता देवी ने कहा कि जलसहिया महिला कर्मी हैं, इसलिए प्रखंड स्तर पर संगठन के सभी पदों पर महिलाओं का चयन आवश्यक है। उन्होंने संगठन को सक्रिय और सशक्त बनाने के लिए सभी से सहयोग की अपील की।
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से प्रखंड कमेटी के विस्तार का निर्णय लिया गया। नए पदाधिकारियों का चयन करते हुए सूरजमुनी किस्कू को अध्यक्ष, शबाना खातून को सचिव, सरिता देवी को कोषाध्यक्ष और कुसुम देवी को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके अलावा अजमेरी खातून, सीमा देवी और सुमोती मरांडी को उपाध्यक्ष, सूरजमुनी हेंब्रम को उपसचिव, तमन्ना परवीन और जमीला बेगम को संगठन मंत्री, सोनी देवी और सावित्री देवी को संयुक्त मंत्री तथा बसंती देवी को मीडिया प्रभारी का दायित्व सौंपा गया।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से कहा गया कि वे नियमित बैठकें आयोजित कर संगठन को मजबूत करें और सरकार से अपनी मांगों की पूर्ति के लिए धरना-प्रदर्शन करें। बैठक में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और उनके संगठन को सशक्त बनाने पर बल दिया गया।
सभा के समापन पर सभी पदाधिकारियों ने संगठन की मजबूती और जलसहिया कर्मियों की समस्याओं को उजागर करने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।