झारखंड में कड़ाके की ठंड जारी; एक सप्ताह तक कोई राहत नहीं,सतर्कता बरतने की सलाह..

Share This News

रांची: झारखंड की राजधानी रांची समेत प्रदेशभर में ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। बीते 24 घंटे में रांची में कड़ाके की ठंड महसूस की गई, जहां न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। ठंड के कारण लोग दिन में भी ठिठुरते नजर आए। हल्के बादलों के कारण दिनभर सर्द हवाएं चलीं, जिससे कश्मीर जैसी ठंड का अनुभव हुआ। शाम होते ही शीतलहर ने तापमान को और गिरा दिया। मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि शनिवार को भी ठंड से कोई राहत नहीं मिलने वाली है।

हिमालय की बर्फबारी ने बढ़ाई ठंड

रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने जानकारी दी कि हिमालय क्षेत्र में हो रही लगातार बर्फबारी का असर झारखंड में भी देखा जा रहा है। बर्फबारी के कारण ठंडी हवाओं ने पूरे प्रदेश को अपने चपेट में ले लिया है। उन्होंने कहा, “हवा में कनकनी का स्तर काफी अधिक है। धूप में भी ठंड का असर बना हुआ है। फिलहाल, ठंड से राहत की संभावना नहीं है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहना होगा। बुजुर्गों, बच्चों और युवाओं को विशेष ध्यान देने की जरूरत है।”

कल का मौसम रहेगा ठंडा लेकिन आसमान साफ

रविवार, 19 जनवरी 2025 को झारखंड में मौसम थोड़ा सामान्य रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 28.37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11.11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। हालांकि, आसमान साफ रहेगा, जिससे ठंड कुछ कम महसूस हो सकती है। बावजूद इसके, सुबह और शाम के समय सर्दी का प्रभाव बना रहेगा।

सतर्कता बरतने की सलाह

विशेषज्ञों ने ठंड से बचने के लिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बुजुर्गों और बच्चों को गर्म कपड़े पहनने की हिदायत दी गई है। सुबह के समय धुंध और ठंडी हवा से बचने के लिए घर के भीतर रहना बेहतर होगा। जिन लोगों को जरूरी काम से बाहर जाना है, वे गर्म कपड़े और ऊनी टोपी पहनकर निकलें।

 

Related Post