रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) को आखिरकार छह महीने बाद नया अध्यक्ष मिल गया है। राज्य के पूर्व मुख्य सचिव एल. खियांग्ते को JPSC का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने राज्य सरकार के प्रस्ताव पर मुहर लगाते हुए उनकी नियुक्ति की।
राज्यपाल ने उम्मीद जताई है कि इस नियुक्ति से आयोग की कार्यप्रणाली में तेजी आएगी और परीक्षाओं का संचालन तय कैलेंडर के अनुसार सुचारु रूप से किया जा सकेगा।
JPSC अध्यक्ष पद लंबे समय से खाली था, जिससे प्रतियोगी परीक्षाओं में देरी हो रही थी। अभ्यर्थी लगातार इस पद पर नियुक्ति की मांग कर रहे थे। अब एल. खियांग्ते की नियुक्ति से छात्रों को राहत मिलने की उम्मीद है।
एल. खियांग्ते राज्य के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों में से एक रहे हैं और मुख्य सचिव के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनकी प्रशासनिक दक्षता को देखते हुए सरकार ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है।