दिल्ली को मिली नई मुख्यमंत्री, बीजेपी ने इस महिला नेता पर जताया भरोसा

Niranjan Kumar
2 Min Read
Share This News
WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने विधायक दल का नेता चुनते हुए शालीमार बाग से विधायक रेखा गुप्ता को दिल्ली का नया मुख्यमंत्री नामित किया है। वह 20 फरवरी को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी।

बीजेपी ने 26 साल बाद दिल्ली में प्रचंड जीत दर्ज करते हुए 70 में से 48 सीटों पर कब्जा जमाया था। चुनाव परिणाम आने के 11 दिन बाद पार्टी ने मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा की है। इससे पहले सीएम पद के लिए कई नामों की चर्चा थी, जिनमें प्रवेश वर्मा प्रमुख दावेदार माने जा रहे थे। वर्मा ने नई दिल्ली सीट से आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को हराया था।

कौन हैं रेखा गुप्ता?

रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी और वर्तमान में देश की दूसरी महिला मुख्यमंत्री बनेंगी। वह बीजेपी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं और हरियाणा के जींद की रहने वाली हैं। राजनीति में उनकी शुरुआत दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ से हुई, जहां वह सचिव और अध्यक्ष भी रहीं। इसके बाद 2007 और 2012 में उत्तरी पीतमपुरा से पार्षद चुनी गईं।

इस बार उन्होंने शालीमार बाग सीट से आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार बंदना कुमारी को 29,595 वोटों से हराकर विधानसभा चुनाव जीता। उन्हें 68,200 वोट मिले, जबकि बंदना कुमारी को 38,605 वोट मिले। कांग्रेस के प्रवीण जैन मात्र 4,892 वोटों पर सिमट गए।

देरी पर विपक्ष का सवाल

विधायक दल की बैठक के लिए बीजेपी आलाकमान ने वरिष्ठ नेता ओपी धनखड़ और रविशंकर प्रसाद को पर्यवेक्षक नियुक्त किया था। मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा में देरी को लेकर आम आदमी पार्टी लगातार बीजेपी पर निशाना साध रही थी।

रेखा गुप्ता की अगुवाई में बीजेपी अब दिल्ली में सरकार बनाएगी और पार्टी को उम्मीद है कि वह राष्ट्रीय राजधानी में अपने विकास एजेंडे को आगे बढ़ाने में सफल रहेगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page