रांची: झारखंड सरकार की आज हुई कैबिनेट बैठक में कुल 16 अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इन प्रस्तावों में एक बड़ा फैसला मंईयां सम्मान योजना से जुड़ा रहा, जिसमें महिलाओं के लिए राहतभरी घोषणा की गई है।
बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार, मंईयां सम्मान योजना के क्रियान्वयन में आंशिक संशोधन किया गया है। अब इस योजना के लिए आधार कार्ड से लिंकिंग की अनिवार्यता को अस्थायी रूप से हटा दिया गया है। सरकार ने इस बाध्यता को मार्च 2025 तक के लिए स्थगित करने का फैसला लिया है।
इस संशोधन से उन महिलाओं को राहत मिलेगी जो तकनीकी या अन्य कारणों से अभी तक अपना आधार लिंक नहीं करा पाई थीं। योजना के तहत आवेदन देने वाली महिलाएं अब बिना आधार लिंक के भी पात्र मानी जाएंगी।
बताया गया है कि यह निर्णय राज्य के दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, जहां आधार लिंक कराने में अब भी कई बाधाएं सामने आ रही हैं।
सरकार का मानना है कि इस फैसले से योजना का लाभ अधिक से अधिक महिलाओं तक पहुंचाया जा सकेगा।