झारखंड में अगले तीन दिनों तक तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कुछ जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। खासकर पलामू, जमशेदपुर, चाईबासा, बोकारो और सरायकेला-खरसावां में गर्मी का असर अधिक रहेगा। हालांकि, इसके बाद तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा।
भीषण गर्मी या लू का खतरा नहीं
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, तापमान बढ़ने के बावजूद झारखंड में हीट वेव (लू) जैसे हालात नहीं बनेंगे। अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास ही रहेगा। कुछ जिलों को छोड़कर, तापमान में केवल 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखी जा रही है।
रांची में 2 डिग्री की बढ़ोतरी, पूर्वी सिंहभूम सबसे गर्म
राजधानी रांची और लोहरदगा का तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटों में 2 डिग्री बढ़ा है। वहीं, पूर्वी सिंहभूम का तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो झारखंड में सबसे अधिक रहा। राज्य के अन्य जिलों में भी अधिकतम तापमान 34 डिग्री से ऊपर बना हुआ है।
हवा में नमी के कारण राहत
मौसम विभाग ने बताया कि राज्य में पश्चिमी हवाएं चल रही हैं, लेकिन वातावरण में निचले स्तर पर नमी बनी हुई है। इससे गर्मी के बावजूद हवा में हल्की ठंडक महसूस की जा रही है।