झामुमो गिरिडीह का होली मिलन समारोह, मंत्री सुदिव्य कुमार ने कार्यकर्ताओं संग मनाया त्योहार…

Share This News

गिरिडीह। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) गिरिडीह जिला कार्यालय में रविवार को होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ होली की खुशियां साझा कीं।

समारोह में झामुमो जिला संयोजक सह जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष संजय सिंह, पूर्व विधायक केदार हाजरा, समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर बधाई दी और होली की शुभकामनाएं दीं।

मंत्री ने भाईचारा का दिया संदेश…

मंत्री सुदिव्य कुमार ने कार्यकर्ताओं और पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि होली भाईचारे और सौहार्द्र का पर्व है, जो समाज में प्रेम और एकता का संदेश देता है। उन्होंने झारखंड की संस्कृति और परंपराओं को संजोने की जरूरत पर भी जोर दिया।

पत्रकारों के साथ भी मनाया रंगों का त्योहार

समारोह के दौरान मंत्री सुदिव्य कुमार ने पत्रकारों को भी अबीर-गुलाल लगाया और उन्हें होली की बधाई दी। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण होते हैं और उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। इस अनोखे पल में पत्रकारों ने भी गुलाल लगाकर मंत्री को शुभकामनाएं दीं।

जोश और उमंग से सराबोर रहा माहौल

कार्यक्रम के दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं में गजब का उत्साह देखने को मिला। रंगों से सराबोर माहौल में पारंपरिक गीत-संगीत की गूंज सुनाई दी। कार्यकर्ताओं ने राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर एक-दूसरे को रंग लगाया और त्योहार की खुशी साझा की।

पार्टी ने जताया आभार

झामुमो जिला इकाई ने कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर स्थानीय कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। पार्टी नेताओं ने कहा कि इस तरह के आयोजन आपसी सौहार्द्र और संगठन की मजबूती को बढ़ाते हैं।

 

Related Post