Maiya Samman Yojana: इन गलतियों की वजह से अटकी राशि, ऐसे करें सुधार…

Pintu Kumar
2 Min Read
Share This News
WhatsApp Channel Join Now

गिरिडीह: झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मंईयां सम्मान योजना का लाभ अब तक सभी पात्र महिलाओं तक नहीं पहुंच सका है। सैकड़ों महिलाएं, जिनके बैंक खाते में योजना की राशि नहीं आई है, प्रखंड कार्यालय और बैंकों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। स्थिति यह है कि कुछ महिलाओं के खाते में 7500 रुपये की राशि पहुंच गई है, जबकि बड़ी संख्या में लाभुक अभी भी इस सहायता से वंचित हैं।

बढ़ती भीड़, समाधान नहीं

हर दिन सैकड़ों महिलाएं आधार नंबर, मोबाइल नंबर और बैंक खाता संख्या लेकर प्रखंड कार्यालय पहुंच रही हैं, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा। कुछ महिलाओं को यह आशंका सता रही है कि कहीं उनका नाम योजना से काट तो नहीं दिया गया।

गलतियों के कारण अटकी राशि

अधिकारियों के अनुसार महिलाओं के बैंक खाते से आधार लिंक नहीं होने, गलत खाता नंबर या बैंक कोड दर्ज होने और आधार नंबर में गड़बड़ी जैसी समस्याओं के कारण राशि स्थानांतरित नहीं हो पा रही है।

डुमरी में बढ़ रहा आक्रोश

डुमरी प्रखंड क्षेत्र में तीन माह की मंईयां सम्मान योजना की राशि नहीं मिलने से महिलाओं में सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ रही है। यहां सैकड़ों महिलाएं प्रतिदिन प्रखंड मुख्यालय पहुंचकर अपनी राशि की जानकारी ले रही हैं। कई महिलाएं छोटे बच्चों को लेकर दूर-दराज से कठिन यात्रा कर रही हैं, लेकिन समाधान के नाम पर सिर्फ आश्वासन ही मिल रहा है।

योजना का लाभ कब मिलेगा?

बैंकों और प्रशासन की ओर से स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने से महिलाएं असमंजस की स्थिति में हैं। कई महिलाएं 20 से 25 किलोमीटर की दूरी तय कर प्रखंड कार्यालय पहुंच रही हैं, लेकिन वहां भी उन्हें कोई ठोस जवाब नहीं मिल रहा। अब देखना यह होगा कि सरकार और प्रशासन इस समस्या का समाधान कब तक निकालते हैं ताकि सभी लाभुकों को समय पर योजना का लाभ मिल सके।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page