देवरी: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के स्थापना दिवस समारोह की तैयारी जोर-शोर से चल रही है। 4 मार्च को गिरिडीह में आयोजित इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में देवरी से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। इसे लेकर शनिवार को झामुमो की तैयारी समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
बैठक के दौरान पर्यवेक्षक कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि स्थापना दिवस समारोह को भव्य बनाने के लिए देवरी को चार जोन में बांटा गया है। पश्चिमी जोन की जिम्मेदारी कैलाश यादव, उत्तरी जोन की किशोर वर्मा, मध्य जोन की मौजाही और पूर्वी जोन की कमान अनिल चौधरी को सौंपी गई है। इन जोनों में कुल 27 पंचायत शामिल हैं, जहां कार्यकर्ताओं को संगठित किया जा रहा है।
‘गिरिडीह चलो’ के लिए तैयार ग्रामीण
कृष्ण मुरारी शर्मा ने कहा कि गांव-गांव में ‘गिरिडीह चलो’ का नारा गूंज रहा है। कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों, गाजा-बाजा, पोस्टर-बैनर के साथ विभिन्न साधनों से गिरिडीह पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि प्रत्येक जोन प्रभारी ने अपने क्षेत्र के पंचायतों में दो-दो प्रभारी नियुक्त किए हैं, जो कार्यकर्ताओं को संगठित करने में जुटे हैं।
बैठक में ब्यास राय, भीखन मंडल, नरेश महथा, राम किशुन हाजरा, पौलूस हांसदा, कासिम अंसारी, अलवेस्युश हेम्ब्रम, मनीष चौधरी, हीरा किस्कू, मंजूर आलम, चेतलाल हाजरा, अर्जुन सोरेन, संतोष मिश्रा, टुकलाल हाजरा, शप्पु राय, निजाम अंसारी, राजकुमार राम समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।