रांची: झारखंड सरकार ने राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। पतरातू घाटी, दशम फॉल और नेतरहाट में ग्लास ब्रिज (स्काई वॉक) बनाने की योजना को मंजूरी दे दी गई है। इन ब्रिजों का निर्माण दो चरणों में किया जाएगा। इसके लिए डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार करने और परियोजना प्रबंधन के लिए कंसल्टेंट नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
नेतरहाट में बनेंगे दो ग्लास ब्रिज
नेतरहाट में मैगनोलिया प्वाइंट और कोयल व्यू प्वाइंट पर दो ग्लास ब्रिज बनाए जाएंगे। वहीं, दूसरे चरण में पतरातू घाटी के व्यू प्वाइंट और दशम फॉल में एक-एक ग्लास ब्रिज का निर्माण होगा। इन चारों ब्रिजों के निर्माण की जिम्मेदारी पथ निर्माण विभाग को दी गई है।
डीपीआर में पर्यावरण और राजस्व का होगा आकलन
पथ निर्माण विभाग द्वारा कंसल्टेंट की नियुक्ति की प्रक्रिया जारी है। कंसल्टेंट न केवल डीपीआर तैयार करेगा, बल्कि इन ब्रिजों से होने वाले राजस्व और पर्यावरणीय प्रभाव का भी आकलन करेगा।
डीपीआर तैयार करते समय विशेष रूप से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि निर्माण कार्य से पर्यावरण और वनों को नुकसान न पहुंचे। डीपीआर स्वीकृत होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
ग्लास ब्रिज का डिजाइन तय
सरकार ने इन ग्लास ब्रिजों का डिजाइन तय कर दिया है:
- चौड़ाई: 3 मीटर
- लंबाई: 45 मीटर
- रेलिंग की ऊंचाई: 1.2 मीटर

हमारा उद्देश्य जनता को विश्वसनीय और तथ्यात्मक जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सूचित और सशक्त हो सकें।
“खबरें, जो आपकी आवाज़ बनें”