हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले के बरकट्टा गांव में रविवार रात एक धार्मिक जुलूस के दौरान दो समुदायों के बीच झड़प हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव व्याप्त हो गया, हालांकि पुलिस की तत्परता से स्थिति पर काबू पा लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, बरकट्टा में यज्ञ का आयोजन किया जा रहा था, जिसके तहत जुलूस निकाला जा रहा था। जुलूस जब एक मस्जिद के पास से गुजर रहा था, तभी दोनों समुदायों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते झड़प में तब्दील हो गई। इस दौरान पत्थरबाजी भी हुई और कुछ उपद्रवियों ने पास में रखे पुआल के ढेर में आग लगा दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाल लिया। हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है और जल्द ही सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बरही के एसडीपीओ अजीत कुमार बिमल ने बताया कि झुरझुरी गांव सहित आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। वहीं, धार्मिक आयोजन समिति के सदस्यों ने आरोप लगाया है कि पथराव के दौरान कई महिलाओं को चोटें आई हैं, हालांकि पुलिस ने अब तक किसी के घायल होने की पुष्टि नहीं की है।
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने जीटी रोड के एक हिस्से को जाम कर दिया, जिसे बाद में प्रशासनिक हस्तक्षेप से हटवाया गया। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए निगरानी जारी है।