गिरिडीह: आज टाउन हॉल परिसर, गिरिडीह में पुलिस अधीक्षक डॉ० बिमल कुमार की उपस्थिति में जन शिकायत समाधान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिले के सभी अनुमंडल क्षेत्रों में भी यह कार्यक्रम एक साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का उद्देश्य आम जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान करना एवं पुलिस की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी जनता को देना था। मौके पर बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और अपनी समस्याएं संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखीं।
कार्यक्रम के दौरान कुल 133 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 53 मामलों का ऑनस्पॉट निष्पादन करते हुए लोगों को राहत प्रदान की गई। शेष 80 मामलों के समाधान हेतु संबंधित थाना प्रभारियों एवं वरीय पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
सभी शिकायतों का विधिवत पंजीकरण कर आवेदकों को प्राप्ति रसीद भी प्रदान की गई। कार्यक्रम में पुलिस विभाग द्वारा आम जनता की सुरक्षा और सुविधा के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की भी जानकारी साझा की गई।
पुलिस अधीक्षक डॉ० बिमल कुमार ने इस अवसर पर कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से जनता और पुलिस के बीच विश्वास बढ़ता है और समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस पहल होती है।