गिरिडीह: जिला पुस्तकालय, गिरिडीह में आज सदर प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री गणेश रजक जी के द्वारा एक भव्य क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सदर प्रखंड के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
क्विज प्रतियोगिता को रोचक बनाने के लिए छात्र-छात्राओं को A से P तक कुल 16 ग्रुपों में बांटा गया, प्रत्येक ग्रुप में पांच-पांच प्रतिभागी शामिल थे। प्रतियोगिता का विषय ‘भूगोल’ रखा गया था। सभी ग्रुपों ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन अंत में दो ग्रुपों ने समान अंक प्राप्त किए। इसपर बीडीओ श्री रजक ने दोनों ग्रुपों को नगद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं से परीक्षा के समय आने वाली कठिनाइयों पर चर्चा की गई और उनके समाधान पर सुझाव लिए गए। अंत में प्रखंड विकास पदाधिकारी ने पुस्तकालय के उन छात्र-छात्राओं को भी बधाई दी, जिन्होंने हाल ही में CGL परीक्षा में सफलता प्राप्त की है।
इस अवसर पर गिरिडीह प्रखंड के आनंद कुमार, जिला पुस्तकालय के नितिन गोविंद एवं अजय कुमार समेत कई पुस्तकालय कर्मचारी उपस्थित रहे।