रांची: झारखंडवासियों को भीषण गर्मी से अब थोड़ी राहत मिलने वाली है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, आज 27 अप्रैल से राज्य के कई जिलों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। रांची, गिरिडीह, धनबाद, गुमला, बोकारो समेत उत्तरी-पूर्वी हिस्सों के इलाकों के अलावा पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इन इलाकों में ओलावृष्टि के साथ वज्रपात हो सकता है। साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी और मेघ गर्जन की भी संभावना है।
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान तापमान में कोई खास बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। हालांकि इसके बाद, आगामी चार दिनों — 28, 29, 30 अप्रैल और 1 मई के बीच — तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। तेज हवाओं और वज्रपात को देखते हुए खुले में रहने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।