गिरिडीह : गिरिडीह जिले के बेहरडीह निवासी 20 वर्षीय रानी देवी की संदिग्ध मौत ने कल्याण हॉस्पिटल, बोरो में हड़कंप मचा दिया। रानी देवी ने शुक्रवार सुबह जमुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अपने पहले बच्चे को जन्म दिया था। प्रसव के बाद अत्यधिक रक्तस्राव होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया था।
बताया जा रहा है कि रास्ते में एंबुलेंस चालक के सुझाव पर रानी देवी को कल्याण हॉस्पिटल लाया गया। परिजनों के अनुसार, अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें उचित इलाज का भरोसा दिलाया था, लेकिन महज एक घंटे के भीतर रानी देवी की हालत गंभीर हो गई और उनकी मौत हो गई।
घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। इसी बीच अस्पताल स्टाफ मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पचम्बा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
परिजनों ने रानी देवी की मौत के लिए अस्पताल को जिम्मेदार ठहराते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

हमारा उद्देश्य जनता को विश्वसनीय और तथ्यात्मक जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सूचित और सशक्त हो सकें।
“खबरें, जो आपकी आवाज़ बनें”