रांची: झारखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के साथ गरज और वज्रपात दर्ज किया गया है। राज्य के गिरिडीह जिले के डुमरी में सबसे अधिक 1.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम ऐसा ही बना रह सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पूर्वी मध्यप्रदेश से होते हुए छत्तीसगढ़, झारखंड और पश्चिम बंगाल तक बनी टर्फ लाइन के कारण राज्य में आंशिक से लेकर मध्यम स्तर तक बादल छाए रहेंगे। साथ ही, वज्रपात और गरज के साथ मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
10 अप्रैल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने गुरुवार 10 अप्रैल की सुबह से 11 अप्रैल की सुबह तक पूरे झारखंड में गरज, वज्रपात और ओलावृष्टि की आशंका जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि पूर्वी झारखंड के कई हिस्सों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा के झोंके चल सकते हैं। इसके साथ ही ओलावृष्टि और बिजली गिरने की संभावना भी है।
राज्य के पश्चिमी हिस्सों और उससे सटे मध्य प्रदेश क्षेत्रों में भी इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। इन क्षेत्रों में भी तेज हवा, वज्रपात और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है।
रांची में 20 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा तापमान
10 अप्रैल को रांची और आसपास के इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी। इस दौरान रांची का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री और अधिकतम 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

हमारा उद्देश्य जनता को विश्वसनीय और तथ्यात्मक जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सूचित और सशक्त हो सकें।
“खबरें, जो आपकी आवाज़ बनें”