झारखंड में बदला मौसम का मिजाज: कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि, 22 अप्रैल तक यलो अलर्ट

Share This News

रांची: झारखंड में मौसम ने अचानक करवट ली है। शुक्रवार को राज्य के कई जिलों में गरज-तड़क के साथ बारिश हुई, वहीं कुछ इलाकों में बड़े-बड़े ओले गिरने की भी खबर है। मौसम विभाग ने 22 अप्रैल तक के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। बंगाल की खाड़ी में बने दबाव और साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से राज्य के मौसम में यह बदलाव देखा जा रहा है।

मौसम विभाग की मानें तो 20 अप्रैल को हजारीबाग, गिरिडीह, कोडरमा, धनबाद, बोकारो, चतरा, रामगढ़, दुमका, साहिबगंज, पाकुड़, देवघर, जामताड़ा और गोड्डा में कहीं-कहीं गर्जन और तेज हवाओं के साथ वज्रपात की संभावना है।

शनिवार को पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा को छोड़कर शेष सभी जिलों में आंधी-तूफान के साथ वज्रपात हो सकता है। इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है।

पिछले 24 घंटों में झारखंड के कुछ हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई है। बहरागोड़ा में सबसे अधिक 39.0 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। अधिकतम तापमान डाल्टेनगंज में 39.4 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान धनबाद में 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 23 अप्रैल से राज्य में मौसम के साफ होने की संभावना है। हालांकि तब तक लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

Related Post