गिरिडीह: जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत जोड़ापहाड़ी के समीप सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए हैं। इनमें चार की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी युवक एक बारात से लौट रहे थे। रविवार रात को पिरटांड थाना क्षेत्र के कुम्हारलालो गांव से गांडेय थाना क्षेत्र के बेलडीह गांव बारात गई थी। बारात के कार्यक्रम के बाद सोमवार सुबह सभी लोग बोलेरो वाहन से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान जोड़ापहाड़ी के समीप चालक को झपकी आ गई और तेज रफ्तार बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में बोलेरो सवार संतोष कुमार वर्मा और चालक बिनोद कुमार दास की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अन्य पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चार की हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें धनबाद रेफर कर दिया।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इधर, घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है। अस्पताल परिसर में चीत्कार और रोने-बिलखने की आवाजों से माहौल गमगीन हो गया।

हमारा उद्देश्य जनता को विश्वसनीय और तथ्यात्मक जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सूचित और सशक्त हो सकें।
“खबरें, जो आपकी आवाज़ बनें”