झारखंड में मौसम का दोहरा प्रकोप, 8 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 5 जिलों में हीट वेव का खतरा, तापमान में तेज उछाल की संभावना

Abhimanyu Kumar
3 Min Read
Share This News
WhatsApp Channel Join Now

रांची: झारखंड में इन दिनों मौसम तेजी से करवट ले रहा है। राज्य के कई हिस्सों में जहां एक ओर भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जनजीवन को प्रभावित कर रहा है, वहीं कुछ जिलों में बारिश और गरज-चमक के कारण मौसम सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में मौसम और अधिक अस्थिर हो सकता है।

मौसम विज्ञान केंद्र, रांची की ताजा जानकारी के अनुसार, 12 मई को दक्षिण और मध्य झारखंड के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में रांची, सिमडेगा, खूंटी, गुमला, सरायकेला, बोकारो, हजारीबाग और पूर्वी सिंहभूम शामिल हैं। इन इलाकों के लिए वज्रपात को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को सावधानी बरतने और आवश्यकतानुसार घरों में रहने की सलाह दी गई है।

वहीं राज्य के पूर्वी जिलों जैसे देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह और गोड्डा में हीट वेव (लू) की स्थिति बनी हुई है। इन क्षेत्रों के लिए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। तेज गर्म हवाओं के चलते दोपहर के समय सड़कें सुनसान नजर आ रही हैं और गर्मी के चलते आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों तक राज्य में कहीं तेज हवा, कहीं आंधी तो कहीं गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी। साथ ही अगले चार दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। अनुमान है कि 15 मई के बाद से मौसम में बदलाव आएगा और 17 मई तक रांची सहित कई जिलों में बारिश देखने को मिल सकती है।

इस बार मानसून भी समय से पहले दस्तक देने की तैयारी में है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि केरल में 27 मई को मानसून के आगमन की संभावना है, जो कि सामान्य समय से कुछ दिन पहले है। यदि यह अनुमान सही रहता है, तो झारखंड में 10 जून के बाद मानसून प्रवेश कर सकता है और 20 जून तक पूरे राज्य में फैल सकता है।

पिछले 24 घंटों में रांची के मांडर में 12.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है। वहीं पाकुड़, गोड्डा और सरायकेला में सबसे अधिक 41.6°C तापमान रिकॉर्ड किया गया है। मौसम का यह बदलता मिजाज कृषि से लेकर स्वास्थ्य तक हर क्षेत्र पर असर डाल रहा है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page