गिरिडीह: जिले के डुमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत नुरंगों गांव स्थित बराकर नदी में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। नदी में डूबने से एक 12 वर्षीय बालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बिरनी थाना क्षेत्र के निचितपुर गांव निवासी बीरेंद्र यादव के पुत्र सुनील यादव के रूप में की गई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरा माहौल शोकाकुल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुनील यादव अपनी बहन के साथ रिश्तेदारी में डुमरी प्रखंड के नुरंगों गांव आया हुआ था। बताया गया कि सुनील की बहन की शादी हाल ही में हुई थी और शनिवार को ही वह पहली बार ससुराल आई थी। उसी के साथ सुनील भी अपने जीजा के घर आया था। रविवार की सुबह वह बिना किसी को बताए नहाने के लिए पास ही स्थित बराकर नदी चला गया।
नहाने के दौरान सुनील गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास के लोगों की नजर जब नदी की ओर पड़ी, तब तक वह पानी में समा चुका था। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों की मदद से उसे बाहर निकाला गया और तत्काल गिरिडीह सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल पहुंचने पर जैसे ही परिजनों को सुनील की मौत की सूचना मिली, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मां-बाप की चीख-पुकार से अस्पताल परिसर गमगीन हो गया।

हमारा उद्देश्य जनता को विश्वसनीय और तथ्यात्मक जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सूचित और सशक्त हो सकें।
“खबरें, जो आपकी आवाज़ बनें”