गिरिडीह: जिलेवासियों को जल्द ही एक बड़ा तोहफा मिलने जा रहा है। रांची और जमशेदपुर की तर्ज पर अब गिरिडीह में भी एक भव्य चिड़ियाघर का निर्माण किया जा रहा है। यह चिड़ियाघर पीरटांड़ प्रखंड के कुम्हारलालो क्षेत्र में 84 हेक्टेयर भूमि पर विकसित किया जा रहा है। परियोजना की अनुमानित लागत 100 करोड़ रुपये है।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना की शुरुआत पर्यटन मंत्री और गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू की पहल पर की गई है। उनका मानना है कि इससे न केवल जिले में पर्यटन को गति मिलेगी, बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर भी प्राप्त होंगे।
चिड़ियाघर में शेर, बाघ, चीता, भालू, हाथी, गैंडा, हिरण, मोर सहित करीब 15 प्रकार के वन्य जीव और पक्षी रखे जाएंगे। बच्चों और परिवारों के लिए यह एक मनोरंजन का बेहतरीन स्थान साबित होगा।
फिलहाल गिरिडीह जिले में कोई चिड़ियाघर नहीं है। ऐसे में यह पार्क पर्यटकों और स्थानीय लोगों दोनों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। यह स्थल जैन धर्म के प्रसिद्ध तीर्थस्थल मधुबन और पारसनाथ पहाड़ के समीप होगा, जिससे इन धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालु भी इसका लाभ उठा सकेंगे।निर्माण कार्य तेजी से जारी है ।