गिरिडीह: इस महीने झारखंड की लाखों महिलाओं को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार ‘झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना’ (JMMSY) के तहत लाभुक महिलाओं के बैंक खातों में एकमुश्त 5000 रुपये ट्रांसफर करने जा रही है। यह रकम अप्रैल और मई महीने की संयुक्त किस्त होगी, जो सीधे डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के जरिए महिलाओं के खातों में भेजी जाएगी।
लेकिन इस योजना का लाभ उन्हीं महिलाओं को मिलेगा, जिनके बैंक खाते आधार कार्ड से लिंक हैं और जिनका ई-केवाईसी व दस्तावेज सत्यापन पूरा है। यदि किसी लाभुक महिला का बैंक खाता अभी तक आधार से लिंक नहीं हुआ है या दस्तावेजों में कोई गड़बड़ी है, तो उन्हें यह राशि नहीं मिलेगी।
अधिकारियों ने की साफ घोषणा: बैंक जाकर कराएं आधार सीडिंग
सरकारी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आधार सीडिंग केवल बैंक शाखा में जाकर ही कराई जा सकती है। जिन महिलाओं को प्रखंड या बैंक से फोन कर यह सूचना दी जा रही है कि उनका खाता आधार से लिंक नहीं है या उनका ई-केवाईसी नहीं हुआ है, उन्हें तुरंत अपनी बैंक शाखा में जाकर यह कार्य पूरा कर लेना चाहिए।
किसी दलाल के चक्कर में न पड़ें। किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी से बचने के लिए केवल बैंक अधिकारियों से ही संपर्क करें।
गड़बड़ी वाले लाभुकों की सूची भी तैयार
हाल ही में सामने आया है कि करीब साढ़े पांच लाख लाभुक महिलाओं के दस्तावेजों में त्रुटियों के चलते उन्हें अयोग्य घोषित किया गया है। चर्चा यह भी है कि इनसे पहले दी गई राशि की वसूली की जा सकती है। ऐसे में यदि आप चाहती हैं कि आपके खाते में योजना की राशि आती रहे, तो जल्द से जल्द अपने सभी दस्तावेजों का सत्यापन करा लें।
गिरिडीह जिला बना आधार सीडिंग में मिसाल
झारखंड के गिरिडीह जिले ने आधार सीडिंग में पूरे राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया है। जिले के 5 लाख लाभुकों में से 4.66 लाख महिलाओं के खाते आधार से लिंक हो चुके हैं। अब केवल 34 हजार लाभुकों को ही यह प्रक्रिया पूरी करनी बाकी है। जिला प्रशासन इन शेष लाभुकों को जागरूक करने के लिए लगातार प्रयासरत है।
कब और कैसे मिलेगा पैसा?
जिन महिलाओं ने अपना खाता समय पर आधार से लिंक करवा लिया है, उनके खाते में अप्रैल और मई दोनों महीने की राशि यानी कुल 5000 रुपये एक साथ भेजी जाएगी। यह राशि सीधे बैंक खाते में जमा होगी। बाकी महिलाएं अगर समय रहते जरूरी प्रक्रिया पूरी नहीं करती हैं, तो उन्हें यह राशि नहीं मिल पाएगी।

हमारा उद्देश्य जनता को विश्वसनीय और तथ्यात्मक जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सूचित और सशक्त हो सकें।
“खबरें, जो आपकी आवाज़ बनें”