गिरिडीह: झारखंड सरकार ने राज्य के 20 जिलों में उपायुक्तों का तबादला कर दिया है। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग द्वारा सोमवार, 26 मई को इसकी अधिसूचना जारी की गई। इसके तहत गिरिडीह उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा को देवघर जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि वर्तमान में उच्च शिक्षा निदेशक पद पर कार्यरत रामनिवास यादव को गिरिडीह का नया उपायुक्त बनाया गया है।
नमन प्रियेश लकड़ा का तीन वर्षों का कार्यकाल रहा सराहनीय
गिरिडीह जिले में नमन प्रियेश लकड़ा का तीन वर्षों का कार्यकाल उल्लेखनीय रहा। उन्होंने प्रशासनिक कुशलता के साथ-साथ मानवीय संवेदनाओं को भी प्राथमिकता दी। वे आम जनता के बीच काफी लोकप्रिय रहे। स्थानीय लोग उन्हें “ब्लड मैन” के नाम से भी जानते हैं, क्योंकि उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान 12 बार स्वेच्छा से रक्तदान कर समाज के लिए अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।
जल संसाधन विकास में मिली राष्ट्रीय पहचान
नमन प्रियेश लकड़ा के नेतृत्व में गिरिडीह जिले ने जल संरक्षण के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति की। जल स्रोतों के पुनरुद्धार एवं संरक्षण को लेकर किए गए कार्यों के लिए गिरिडीह जिले को प्रतिष्ठित ‘द इंडियन एक्सप्रेस अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। इसके अलावा उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और ग्रामीण विकास जैसे विभिन्न क्षेत्रों में भी महत्वपूर्ण पहल की।
अब नए डीसी के रूप में आएंगे रामनिवास यादव
गिरिडीह जिले के नए उपायुक्त रामनिवास यादव प्रशासनिक सेवा के अनुभवी अधिकारी माने जाते हैं। वे फिलहाल उच्च शिक्षा निदेशक के पद पर कार्यरत हैं और शिक्षा व्यवस्था को लेकर उनकी समझ और कार्यशैली को सराहा गया है। अब देखना यह होगा कि वे गिरिडीह में किस प्रकार से विकास की रफ्तार को आगे बढ़ाते हैं।
जिले में हो रहा अधिकारी परिवर्तन का दौर
सरकार द्वारा किए गए तबादलों के बाद कई जिलों में प्रशासनिक स्तर पर बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। राज्य के 20 जिलों में नए उपायुक्तों की नियुक्ति से विकास कार्यों में नई ऊर्जा और दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।