गिरिडीह:- जिला उपायुक्त, श्री रामनिवास यादव ने आज अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में कौशल विकास एवं श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। समीक्षा के क्रम में जिला उपायुक्त ने कौशल विकास और श्रम विभाग की बारी-बारी समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा-निर्देश दिए।
कौशल विकास की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने कहा कि झारखण्ड के युवाओ के लिए स्वरोजगार और उद्यमशीलता कौशल विकसित करना, युवाओं की रोजगार की क्षमता में वृद्धि करना है। उन्होंने कौशल विकास और जिला नियोजन कार्यालय को जिले के युवाओं को ज्यादा से ज्यादा रोजगार से जोड़ लाभान्वित करने के निर्देश दिए। श्रम विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की बारी-बारी समीक्षा कर लोगों को योजना से आच्छादित करने के निर्देश दिए।
Advertisement
बैठक में श्रम अधीक्षक, श्री रविशंकर प्रसाद ने बताया कि श्रम विभाग के अंतर्गत झारखंड राज्य में सबसे अधिक गिरिडीह जिला से ई श्रम कार्ड बनाया गया है। गिरिडीह जिला में रजिस्ट्रेशन की संख्या 7,75,681 है। जिसमें दुर्घटना से मृत व्यक्ति दिनांक 13.08.21 से 31.03.22 तक 03 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिसमें तीनों लोगों को 2-2 लाख रुपए की राशि दी गई है। इसके अलावा झारखंड असंगठित सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत 2024- 25 में लगभग शत-प्रतिशत राशि खर्च किया गया है।
उन्होंने बताया कि झारखंड भवन निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तहत 2024-25 में 13,737 लोगों को योजना से जोड़ लाभान्वित किया गया है। इसके अलावा उन्होंने बताया कि प्रवासी मजदूर योजना के तहत झारखंड राज्य के गिरिडीह जिला में सबसे अधिक रजिस्ट्रेशन किया गया है, जिसकी संख्या 20050 है। अप्रैल 2025 से अबतक कुल 19 प्रवासी श्रमिकों को मृत्यु दुर्घटना के उपरांत 12 लाख रुपए की राशि प्रदान कराई गई है। मौके पर श्रम अधीक्षक, जिला कौशल विकास पदाधिकारी, जिला नियोजन पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।