कोडरमा- गिरिडीह की दो अहम रेल परियोजनाओं पर तेज़ी लाने की पहल, अन्नपूर्णा देवी ने की रेल मंत्री से मुलाकात

Share This News

कोडरमा और गिरिडीह क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं को लेकर केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने आज रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। बैठक में पारसनाथ–गिरिडीह–नवादा रेल लाइन और कोडरमा–न्यू गिरिडीह–मधुपुर रेलखंड के दोहरीकरण को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

यह प्रस्तावित रेल मार्ग जैन और बौद्ध धर्मावलंबियों के प्रमुख तीर्थस्थल पारसनाथ को नवादा से जोड़ेगा। इससे धार्मिक पर्यटन को गति मिलेगी और स्थानीय यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।

करीब 138 किमी लंबे इस रेलखंड का दोहरीकरण औद्योगिक और माल परिवहन की दृष्टि से बेहद अहम है। यह रूट कोडरमा, जमुआ, गिरिडीह, मधुपुर और पारसनाथ जैसे क्षेत्रों को जोड़ता है, जहां कोयला और खनिज उद्योगों की भारी गतिविधियां हैं।

गिरिडीह भाजपा के कोषाध्यक्ष और पूर्वी रेलवे ZRUCC सदस्य मुकेश जालान ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने सांसद अन्नपूर्णा देवी को औपचारिक पत्र सौंपकर रेल परियोजनाओं के सामाजिक और आर्थिक महत्व को रेखांकित किया था।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दोनों प्रस्तावों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया है। उम्मीद जताई जा रही है कि इन योजनाओं से न केवल क्षेत्रीय संपर्क और परिवहन व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि पर्यटन और रोजगार को भी नया बढ़ावा मिलेगा।

Related Post