गिरिडीह: जिला विधिक सेवा प्राधिकार गिरिडीह की ओर से सोमवार को व्यवहार न्यायालय परिसर से चलंत लोक अदालत सह जागरूकता वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह कार्यक्रम माननीय झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा), रांची के निर्देशानुसार, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश (प्रभार) सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार गिरिडीह श्री मधुरेश कुमार वर्मा के आदेश तथा सचिव (प्रभार) श्रीमती कवितांजली टोप्पो के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
इस जागरूकता वैन के माध्यम से गिरिडीह जिले के सभी प्रखंडों और दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में अलग-अलग तिथियों पर जाकर लोगों को कानूनी जानकारी दी जाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को न्यायिक प्रणाली से जोड़ना और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री मधुरेश कुमार वर्मा (प्रभार) ने किया। कार्यक्रम के पहले चरण में गिरिडीह प्रखंड कार्यालय में एक चलंत लोक अदालत सह जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस मौके पर गिरिडीह प्रखंड के अंचलाधिकारी मो. असलम भी मौजूद रहे और उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कानून और योजनाओं के लाभ की जानकारी दी।
पैनल अधिवक्ता मो. फैयाज अहमद ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा दी जाने वाली नि:शुल्क कानूनी सहायता, सरकारी योजनाओं की जानकारी, फ्रंट कार्यालय की सेवाएं तथा स्थाई लोक अदालत की प्रक्रिया के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
कार्यक्रम का संचालन पीएलबी दिलीप कुमार ने किया। इस शिविर के दौरान कुल 10 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से तीन मामलों का तत्काल निष्पादन किया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों में अग्रेषित कर दिया गया।
आज के इस कार्यक्रम में पीएलबी दिलीप कुमार, अशोक कुमार वर्मा और संतोष कुमार की भी अहम भूमिका रही।