गिरिडीह सेंट्रल जेल में शनिवार देर शाम एक विचाराधीन कैदी ने आत्महत्या का प्रयास कर दिया। हालांकि, समय रहते जेल प्रशासन सक्रिय हुआ और युवक की जान बच गई। फिलहाल उक्त युवक गिरिडीह सदर अस्पताल में इलाजरत है। उसकी पहचान गावां थाना क्षेत्र के सेरुआ गांव निवासी 20 वर्षीय नवीन मिस्त्री के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवीन मिस्त्री हाल ही में एक नाबालिग लड़की को लेकर हैदराबाद फरार हो गया था। बताया जा रहा है कि हैदराबाद में दोनों ने शादी कर ली थी। इस बीच लड़की के परिजनों ने गावां थाना में युवक के खिलाफ अपहरण की प्राथमिकी दर्ज करायी थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए गावां थाना प्रभारी अभिषेक कुमार के नेतृत्व में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी।
पुलिस की बढ़ती दबिश और गिरफ्तारी के डर से युवक ने तीन दिन पूर्व खुद थाने में लड़की के साथ आकर आत्मसमर्पण कर दिया था। पुलिस ने लड़की को परिजनों के सुपुर्द कर युवक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
इसी बीच शनिवार की देर शाम जेल परिसर में युवक ने आत्महत्या का प्रयास किया। जैसे ही घटना की जानकारी जेल अधीक्षक हिमानी कश्यप समेत अन्य अधिकारियों को मिली, तुरंत कार्रवाई करते हुए जेल प्रशासन ने नवीन को इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा। फिलहाल वह अस्पताल के वार्ड में भर्ती है और उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
हमारा उद्देश्य जनता को विश्वसनीय और तथ्यात्मक जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सूचित और सशक्त हो सकें।
“खबरें, जो आपकी आवाज़ बनें”