रांची/गिरिडीह: झारखंड में बीते 24 घंटे के दौरान मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। रविवार की सुबह जहां हल्की धूप ने कुछ राहत दी थी, वहीं दोपहर 3 बजे के बाद अचानक शुरू हुई तेज बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। रांची सहित कई जिलों में जलजमाव की स्थिति बन गई, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
कई जिलों में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित
यह स्थिति सिर्फ राजधानी रांची तक सीमित नहीं रही। बोकारो, जामताड़ा, पलामू, पाकुड़, दुमका, गिरिडीह, साहिबगंज, खूंटी, लातेहार और लोहरदगा जैसे जिलों में भी भारी बारिश दर्ज की गई। तापमान में गिरावट के कारण लोग दिन में भी रजाई या चादर ओढ़ने को मजबूर हो गए।
Advertisement
आज भी भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग की मानें तो आज यानी सोमवार को भी झारखंड के कई जिलों — जैसे बोकारो, जामताड़ा, साहिबगंज, गोड्डा, पाकुड़, दुमका, रांची, खूंटी और लोहरदगा में अच्छी खासी बारिश की संभावना है। सुबह के समय हल्के बादल और कुछ देर के लिए धूप दिख सकती है, लेकिन दोपहर 2 बजे के बाद फिर से मौसम बिगड़ सकता है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 27-30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20-21 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
वज्रपात को लेकर अलर्ट
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बारिश के साथ वज्रपात की भी आशंका है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि यदि चार घंटे तक बारिश होती है, तो लगातार गर्जन और बिजली गिरने की भी संभावना बढ़ जाती है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि चेतावनियों को हल्के में न लें और इस दौरान घर से बाहर निकलने से बचें।
25 जून तक नहीं मिलेगा राहत
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव और मानसूनी प्रभाव के चलते झारखंड में 25 जून तक मौसम इसी प्रकार बना रहेगा। इस दौरान राज्य भर में बारिश, तेज हवा और गरज-चमक का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।