गिरिडीह: गिरिडीह परिसदन भवन में सोमवार को हूल दिवस के अवसर पर संथाल विद्रोह के महान सेनानियों सिद्धो-कान्हू को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में झारखंड सरकार के माननीय मंत्री सुदीव्य कुमार, मुख्य सचिव, उपायुक्त गिरिडीह, पुलिस अधीक्षक, पूर्वी वन प्रमंडल पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित कई वरीय अधिकारियों ने शामिल होकर पुष्प अर्पित किए।
इस अवसर पर वक्ताओं ने सिद्धो-कान्हू के अद्वितीय बलिदान, त्याग और साहस को स्मरण करते हुए कहा कि उनका संघर्ष आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके नेतृत्व में 1855 में अंग्रेजी शासन के खिलाफ शुरू हुआ संथाल विद्रोह भारत के स्वतंत्रता संग्राम का एक महत्वपूर्ण अध्याय है।
हूल दिवस के आयोजन का उद्देश्य न सिर्फ वीर शहीदों को श्रद्धांजलि देना था, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को उनके योगदान से अवगत कराना भी रहा।