गिरिडीह: जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गिरिडीह पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के बुधुडीह बाजार और शहर के झिंझरी मोहल्ला में छापेमारी कर पुलिस ने चार साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने साइबर फ्रॉड के बढ़ते मामलों के बीच आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा फिर से मजबूत किया है।
Advertisement
मामले की पुष्टि करते हुए साइबर डीएसपी आबिद खान ने गुरुवार को प्रेसवार्ता में बताया कि प्रतिबिंब पोर्टल के माध्यम से साइबर ठगी की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर दो स्थानों पर छापेमारी की गई, जहां से दीपक मंडल (22), छोटे मंडल (30), श्रवण राय (21) और मोहित मंडल (19) को गिरफ्तार किया गया।
चारों आरोपी गिरिडीह जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके पास से पांच मोबाइल फोन और छह सिम कार्ड बरामद किए हैं। पूछताछ में इन लोगों ने स्वीकार किया कि वे फर्जी APK फाइल्स भेजकर केवाईसी अपडेट, आधार कार्ड अपडेट, कूरियर सर्विस और दिल्ली जल बोर्ड जैसे नामों का इस्तेमाल कर लोगों को ठगते थे।
खास बात यह रही कि गिरफ्तार छोटू मंडल पर पहले से ही देवघर साइबर थाना में केस दर्ज है और उसके खिलाफ तेलंगाना-हैदराबाद में साइबर ठगी के 65 से अधिक मामले लंबित हैं। वहीं दीपक मंडल और श्रवण राय पर भी अलग-अलग थानों में पहले से केस दर्ज हैं।
साइबर डीएसपी ने कहा कि गिरिडीह पुलिस लगातार ऐसे अपराधियों पर नजर रखे हुए है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक या मोबाइल एप्लीकेशन पर क्लिक न करें और कोई भी निजी जानकारी साझा करने से बचें।
फिलहाल चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस कार्रवाई से न सिर्फ साइबर ठगों में हड़कंप मचा है, बल्कि पुलिस की सक्रियता से आम लोगों में सुरक्षा की भावना भी बढ़ी है।
मैं अभिमन्यु कुमार पिछले चार वर्षों से गिरिडीह व्यूज में बतौर “चीफ एडिटर” के रूप में कार्यरत हुं,आप मुझे नीचे दिए गए सोशल मीडिया के द्वारा संपर्क कर सकते हैं।