रिम्स-2 जमीन विवाद को लेकर चंपाई सोरेन हाउस अरेस्ट, प्रदर्शन से पहले ही रोके गए…

Share This News

रांची: रिम्स-2 जमीन विवाद को लेकर झारखंड की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन को रविवार सुबह उनके रांची स्थित आवास से ही हाउस अरेस्ट कर लिया गया। यह कार्रवाई सदर डीएसपी के नेतृत्व में की गई।

जानकारी के अनुसार, चंपाई सोरेन आज नगड़ी क्षेत्र में उस विवादित जमीन पर हल चलाने वाले थे, जहां हजारों की संख्या में उनके समर्थकों और ग्रामीणों के जुटने की संभावना थी। इस आंदोलन को लेकर प्रशासन पहले से ही अलर्ट था। आशंका जताई जा रही थी कि बड़ी संख्या में लोगों के जुटने से स्थिति तनावपूर्ण हो सकती है।

Advertisement

प्रदर्शन से पहले ही रोका गया पूर्व मुख्यमंत्री को

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, चंपाई सोरेन जैसे ही अपने आवास से बाहर निकलने की तैयारी कर रहे थे, पुलिस प्रशासन ने उन्हें रोक दिया और निवास से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी। इसके साथ ही, कई अन्य बड़े नेताओं को भी रिम्स-2 की जमीन के पास जाने से रोका जा रहा है।

प्रशासन ने कसी कमर, भारी पुलिस बल तैनात

रिम्स-2 जमीन विवाद को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। नगड़ी क्षेत्र और उसके आसपास भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी तरह की कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

क्या है रिम्स-2 जमीन विवाद?

रिम्स-2 प्रोजेक्ट के लिए अधिग्रहित जमीन को लेकर लंबे समय से स्थानीय ग्रामीणों और प्रशासन के बीच विवाद चला आ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि उनकी जमीन बिना उचित मुआवजे और सहमति के अधिग्रहित की गई है। वहीं प्रशासन का कहना है कि यह जमीन विकास परियोजना के तहत सही प्रक्रिया अपनाकर ली गई है।

Related Post