झारखंड सरकार ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही महत्वाकांक्षी मंईयां सम्मान योजना के अंतर्गत एक बड़ा कदम उठाया है। अगस्त माह की किस्त को लेकर राज्य सरकार ने दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। सामाजिक सुरक्षा निदेशालय ने शुक्रवार को सभी जिलों के प्रशासन को राशि वितरण की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने का आदेश दिया है, ताकि राज्य की लाभुक महिलाओं को त्योहार से पहले ही वित्तीय सहायता मिल सके।
करम पूजा से पहले 2500 रुपये की सौगात
राज्य का दूसरा सबसे बड़ा प्राकृतिक पर्व करम पूजा 3 अगस्त को मनाया जाएगा। इस अवसर से पूर्व सरकार ने लाभुक महिलाओं को 2,500 रुपये की राशि प्रदान करने का निर्णय लिया है। यह राशि आने वाले 2 से 3 दिनों के भीतर ही सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी जाएगी, जिससे वे पर्व की तैयारियों में आर्थिक रूप से सक्षम हो सकें।
50 लाख से अधिक महिलाओं को होगा लाभ
Advertisement
सरकार के आंकड़ों के अनुसार, इस बार अगस्त माह में 50 लाख से अधिक महिलाएं इस योजना से लाभान्वित होंगी। बीते माह जुलाई में भी 50 लाख 30 हजार लाभुकों को योजना की राशि उपलब्ध कराई गई थी। सरकार ने सभी जिलों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि करम पर्व से पहले राशि का भुगतान हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।
योजना का उद्देश्य
मंईयां सम्मान योजना का मुख्य उद्देश्य राज्य की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उनके सामाजिक दर्जे को सुदृढ़ करना है। प्रत्येक लाभुक महिला को प्रति माह 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। यह योजना विशेष रूप से ग्रामीण व निम्न आय वर्ग की महिलाओं के जीवन स्तर को सुधारने के लिए शुरू की गई है।
महिलाओं के चेहरे पर मुस्कान
त्योहार से पहले मिलने वाली यह राशि महिलाओं के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इससे वे न केवल घरेलू खर्चों को पूरा कर पाएंगी बल्कि करम पूजा जैसे पारंपरिक पर्व को हर्षोल्लास के साथ मना सकेंगी।

मैं अभिमन्यु कुमार पिछले चार वर्षों से गिरिडीह व्यूज में बतौर “चीफ एडिटर” के रूप में कार्यरत हुं,आप मुझे नीचे दिए गए सोशल मीडिया के द्वारा संपर्क कर सकते हैं।