गिरिडीह : गिरिडीह कॉलेज में स्नातक सेमेस्टर वन के परीक्षा परिणाम में सुधार की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ता अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। भूख हड़ताल को शुरू हुए 24 घंटे से अधिक का समय हो गया है। इस दौरान दो प्रमुख कार्यकर्ता, नीरज कुमार और अनीश की तबियत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें धरना स्थल पर ही स्लाइन चढ़ाया जा रहा है।
ABVP हजारीबाग संगठन मंत्री उज्ज्वल तिवारी ने बताया कि विनोबा भावे विश्वविद्यालय द्वारा जारी किए गए परिणाम में आधे से अधिक छात्रों को प्रमोट कर दिया गया है, जिसे प्रशासन की गंभीर लापरवाही माना जा रहा है। इसी के विरोध में परिषद के कार्यकर्ता 10 सितंबर से कॉलेज के प्रशासनिक भवन के सामने धरना-भूख हड़ताल पर बैठे हैं।
तिवारी ने साफ किया कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, भूख हड़ताल जारी रहेगी। वहीं, कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनुज कुमार ने कहा कि छात्रों की समस्याओं को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन से बातचीत चल रही है और समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने छात्रों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द भूख हड़ताल समाप्त करें।