गिरिडीह में “स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार” अभियान का आगाज़, महिलाओं के स्वास्थ्य पर विशेष फोकस

Share This News

गिरिडीह: राष्ट्रव्यापी “स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार” अभियान के तहत मातृत्व शिशु अस्पताल चैताडीह में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उप विकास आयुक्त श्रीमती स्मृता कुमारी, सिविल सर्जन, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी और जिला जनसंपर्क पदाधिकारी समेत अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान स्वास्थ्यकर्मी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी भी उपस्थित थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त श्रीमती स्मृता कुमारी ने कहा कि स्वस्थ महिला ही परिवार और समाज की मजबूती की आधारशिला होती है। इसी संदेश को जन-जन तक पहुँचाना इस अभियान का उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि इस विशेष अभियान के तहत 17 सितम्बर से 2 अक्तूबर तक जिले के सभी स्वास्थ्य उपकेंद्रों से लेकर जिला अस्पताल तक व्यापक गतिविधियां चलाई जाएंगी। इसके अंतर्गत महिलाओं की स्वास्थ्य जांच, पोषण संबंधी जानकारी, सुरक्षित मातृत्व, माहवारी स्वच्छता और संतुलित आहार के महत्व पर जागरूकता फैलाई जाएगी।

उप विकास आयुक्त ने विश्वास जताया कि गिरिडीह जिला इस अभियान में बेहतर प्रदर्शन करेगा। उन्होंने सभी विभागों और समाज के सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सकारात्मक भागीदारी और सामूहिक प्रयास से ही अभियान सफल हो पाएगा।

वहीं, सिविल सर्जन ने कहा कि यह अभियान जिले के सभी प्रखंडों में चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा। इसके तहत प्रसव पूर्व देखभाल, टीकाकरण, पोषण, मानसिक स्वास्थ्य और किशोरियों की स्वास्थ्य जागरूकता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय भाग लें और स्वास्थ्य जांच अवश्य कराएं।

कार्यक्रम में उपस्थित चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों ने भी मातृत्व व शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श सेवाएं दी जाएंगी और व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

Related Post