रांची : झारखंड में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि 15 सितंबर के बाद मानसून के व्यवहार में बदलाव देखने को मिलेगा, लेकिन उससे पहले राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश और वज्रपात की स्थिति बनेगी।
इन जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग ने बताया कि बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, जामताड़ा, दुमका, देवघर, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में भारी बारिश की संभावना है। इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। वहीं 16 सितंबर को हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा और साहिबगंज में येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।
नवरात्र में भी बरसेंगे बादल
मौसम विभाग का अनुमान है कि इस बार नवरात्र के दौरान भी राज्य में बारिश होने की संभावना बनी रहेगी। बारिश के चलते त्योहारों की रौनक प्रभावित हो सकती है।
बीते 24 घंटे का हाल
बीते 24 घंटों में झारखंड के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। इसमें गोड्डा में सबसे अधिक 86.2 मिमी वर्षा हुई, जबकि राजधानी रांची में 10.8 मिमी बारिश दर्ज की गई।