बगोदर में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराई, एक की मौत, कई घायल

Share This News

गिरिडीह : जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के जीटी रोड स्थित हेसला मंदिर के समीप गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में एक तेज रफ्तार चारपहिया वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस द्वारा आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं की गई है। वहीं, इस घटना में एक महिला समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। अफरातफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही बगोदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार काफी तेज थी। अचानक कार का टायर फट गया, जिसके कारण वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ गया। देखते ही देखते कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। टक्कर के बाद कार के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर चीख-पुकार मच गई।

बगोदर पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर वाहन को अपने कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वाहन किस दिशा से आ रहा था और दुर्घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या थे।