झारखंडधाम के बड़ा बजरंगबली मंदिर के पीछे बहने वाली नदी से मिला युवक का शव, लखीसराय के रहने वाले थे मृतक

Share This News

हीरोडीह: गिरिडीह जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। झारखंडधाम के प्रसिद्ध बड़ा बजरंगबली मंदिर के पीछे बहने वाली इरगा नदी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव तैरता हुआ पाया गया। इस घटना से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

स्थानीय लोगों ने शव को देखकर तुरंत हीरोडीह थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। बाद में मृतक की पहचान सुरेश कुमार वर्मा (58 वर्ष), पिता राजेंद्र कुशवाहा, ग्राम गेरुआ, थाना हलसी, जिला लखीसराय (बिहार) के रूप में की गई।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक 7 सितंबर 2025 की सुबह करीब 3:00 बजे झारखंडधाम पूजा के लिए स्कॉर्पियो (गाड़ी संख्या BR 01 PK 0929) से पहुंचे थे। सोमवार सुबह लगभग 11 बजे स्थानीय लोगों ने नदी में शव को तैरते देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल से संबंधित साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह हादसा है, आत्महत्या है या किसी अन्य कारण से मौत हुई है। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि मामले की गहन जांच कर जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।