गिरिडीह:- जिला उपायुक्त, श्री रामनिवास यादव ने गर्ल्स डे के उपलक्ष्य में आज मातृत्व शिशु अस्पताल चैताडीह में पहुंच कर महिला मरीजों से मुलाकात कर उनका हाल चाल जाना, साथ ही उनके स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान उपायुक्त ने महिला मरीजों से बात कर अस्पताल में उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाएं की जानकारी ली। वहीं उपायुक्त ने महिला मरीजों के बीच गिफ्ट पैकेट्स का वितरण भी किया। आगे उपायुक्त ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं और सेवाओं को आमजनों तक सुगमतापूर्वक पहुंचाना हमारी प्रमुख प्राथमिकता है।
इसके अलावा उपायुक्त ने अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों यथा बेड की स्थिति, साफ-सफाई आदि का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और उन्हें और अधिक सुलभ बनाने के लिए ठोस कदम उठाने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त, उपायुक्त ने स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील और मानवीय व्यवहार सुनिश्चित करने के लिए भी कहा।