झारखंड की मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत गिरिडीह में शुरू हुआ 14वीं किस्त का भुगतान

Share This News

गिरिडीह: झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत सितंबर महीने की 14वीं किस्त का भुगतान आखिरकार सोमवार से शुरू हो गया है। जिले की हजारों महिलाओं के बैंक खातों में ₹2500 की सम्मान राशि सीधे ट्रांसफर की जा रही है। 

Advertisement

हालांकियह राशि दुर्गा पूजा से पहले मिलने वाली थी, लेकिन तकनीकी कारणों के चलते भुगतान में देरी हो गई थी। वहीं, रांची जिले में यह राशि दुर्गा पूजा से पहले ही जारी कर दी गई थी। अब गिरिडीह जिले की लाभुक महिलाएं भी इस योजना के तहत मिलने वाली सम्मान राशि का लाभ उठा रही हैं।

विभागीय गाइडलाइन के आधार पर भेजी जा रही राशि

सरकारी सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत किस्त की राशि पूरी तरह से विभाग की गाइडलाइन और निर्धारित मापदंडों के अनुसार भेजी जा रही है। लाभुकों के लिए यह आवश्यक है कि उनका आधार-बेस्ड सिंगल बैंक खाता सक्रिय हो, ताकि राशि सीधे उनके खाते में ट्रांसफर की जा सके।

अधिकारियों के अनुसार इस योजना के तहत केवल उन्हीं महिलाओं को भुगतान किया जा रहा है, जिनके आवेदन सही तरीके से स्वीकृत हुए हैं और जिनके दस्तावेज़ों में कोई त्रुटि नहीं है। जिन लाभुकों के दस्तावेज़ों में गलती या बैंक खाते में किसी तरह की समस्या पाई गई है, उनके मामलों की जांच की जा रही है और त्रुटि दूर होने के बाद राशि भेजी जाएगी।

महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में सरकार का प्रयास
मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना राज्य सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य झारखंड की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें सामाजिक सम्मान प्रदान करना है। योजना के तहत हर पात्र महिला को हर महीने ₹2500 की सम्मान राशि दी जाती है, जिससे वे अपने परिवार की जरूरतों को पूरा कर सकें।

इस योजना के तहत राज्य भर में लाखों महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं, और सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले समय में हर पात्र महिला को इस योजना का लाभ बिना किसी बाधा के मिल सके।