झारखंड में शुरू हो रही बड़ी सिपाही बहाली, हजारों पदों पर मैट्रिक पास युवाओं को मिलेगा सुनहरा मौका!

Share This News

झारखंड में लंबे समय से स्थगित पुलिस सिपाही नियुक्ति प्रक्रिया एक बार फिर शुरू होने जा रही है। राज्य में सिपाही के कुल 9671 पद खाली हैं, जिनमें से 4919 पदों पर पहले चरण में बहाली की तैयारी तेज कर दी गई है। हाल ही में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई महत्वपूर्ण बैठक में पुलिस मुख्यालय को नियुक्ति प्रक्रिया को तत्काल आगे बढ़ाने का निर्देश दिया गया। इसके बाद गृह विभाग को अधियाचना भेजने की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है।

क्यों रुकी थी बहाली?

साल 2023 में झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने जिलावार सिपाही बहाली के लिए विज्ञापन जारी किया था। लेकिन सरकार द्वारा अधियाचना वापस लेने के कारण यह प्रक्रिया बीच में ही रोक दी गई। करीब दो साल बाद अब आयोग को दोबारा बहाली शुरू करने की अनुमति मिल गई है। इस बार बहाली झारखंड राज्य पुलिस, कक्षपाल, सिपाही (होमगार्ड), उत्पाद सिपाही संयुक्त भर्ती नियमावली 2025 के तहत की जाएगी।

4919 पदों पर क्यों हो रही है बहाली?

सरकारी अनुमानों के अनुसार कुल 9671 पदों के रोस्टर क्लीयरेंस में काफी समय और संसाधन लग सकते हैं। ऐसे में तेजी से प्रक्रिया शुरू करने के लिए उन 4919 पदों को चुना गया है जिनका रोस्टर पहले से ही क्लीयर है। इन पदों के लिए नियुक्ति प्रक्रिया को प्राथमिकता के तौर पर आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।

कौन कर सकता है आवेदन?

नई भर्ती नियमावली के अनुसार—

• न्यूनतम योग्यता: मैट्रिक पास

• आयु सीमा: 18 से 25 वर्ष (आवेदन प्रक्रिया शुरू होने की तिथि के आधार पर लागू होगी)

• झारखंड आंदोलनकारियों के आश्रितों को 5% क्षैतिज आरक्षण मिलेगा।

विभागवार रिक्तियां

• झारखंड पुलिस में एसआई: 181 पद

• झारखंड पुलिस में सिपाही: 9671 पद

• JAP में सिपाही: 639 पद

• IRB में सिपाही: 1534 पद

• विशिष्ट IRB में सिपाही: 91 पद

• जिला/वाहिनी में चौथा वर्ग: 800 पद

एसआई के 946 पद, परिचारी के 29 पद सहित अन्य पदों के लिए भी अधियाचना प्रक्रिया में है।

20 हजार अन्य पदों पर भी जारी भर्ती

JSSC की लगभग 20,000 पदों पर चल रही विभिन्न भर्ती प्रक्रियाओं में तेजी आ गई है। कई प्रमुख परीक्षाओं के चयन परिणाम भी अंतिम चरण में हैं:

• महिला पर्यवेक्षक परीक्षा 2023 – 488 पद

• मैट्रिक स्तरीय परीक्षा 2023 – 455 पद

• आबकारी सिपाही परीक्षा 2023 – 580 पद

• पैरामेडिकल संयुक्त परीक्षा 2023 – 2532 पद

• इंटरमीडिएट लेवल – 863 पद

• सचिवालय आशुलिपिक परीक्षा 2024 – 455 पद

• स्नातक तकनीकी विशिष्ट परीक्षा – 492 पद

• क्षेत्रीय कार्यकर्ता परीक्षा – 510 पद

• वैज्ञानिक सहायक परीक्षा – 23 पद

• एसआई परीक्षा – 975 पद

28 नवंबर को बड़ी नियुक्ति: सीएम सौंपेंगे नियुक्ति पत्र

सरकार राज्य में बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 28 नवंबर को मोरहाबादी मैदान में एक विशाल कार्यक्रम में 8512 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।

मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग की ओर से कार्यक्रम की तैयारी शुरू कर दी गई है। नोडल अधिकारियों की नियुक्ति हो चुकी है और विभागों को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने का निर्देश जारी किया गया है।

इन विभागों में वितरित होंगे नियुक्ति पत्र

• सहायक आचार्य – 56

• उप समाहर्ता – 10

• डीएसपी – 01

• राज्य कर पदाधिकारी – 8000

• जिला समादेष्टा – 207

• सहायक निबंधक – 35

• श्रम अधीक्षक – 14

• प्रोबेशन पदाधिकारी – 06

• निरीक्षक उत्पाद – 03

• दंत चिकित्सा पदाधिकारी – 22

• कीटपालक – 150

मोरहाबादी मैदान में अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए विशेष काउंटर बनाए जाएंगे, जिससे नियुक्ति पत्र प्राप्त करने में कोई बाधा न आए।

Related Post