रांची: झारखंड सरकार ने युवाओं को बड़ी राहत देते हुए पुलिस विभाग में भर्ती प्रक्रिया से जुड़ा अहम फैसला लिया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में बुधवार को आयोजित राज्य कैबिनेट की बैठक में यह निर्णय लिया गया कि अब वायरलेस दारोगा (Sub-Inspector, Wireless) और इंडिया रिजर्व बटालियन (IRB) में आरक्षी (Constable) के पद पर नियुक्ति के लिए अभ्यर्थियों को दौड़ में छूट दी जाएगी।
अब इन पदों के लिए पुरुष उम्मीदवारों को 1600 मीटर की दौड़ छह मिनट में और महिला उम्मीदवारों को 1600 मीटर की दौड़ 10 मिनट में पूरी करनी होगी।
पहले पुरुषों को 10 किलोमीटर की दौड़ 60 मिनट में और महिलाओं को 6 किलोमीटर की दौड़ 60 मिनट में पूरी करनी होती थी।
राज्य सरकार का यह फैसला न केवल अभ्यर्थियों के लिए राहत भरा है बल्कि भर्ती प्रक्रिया को और अधिक व्यवहारिक और आधुनिक बनाता है।
कैबिनेट बैठक में लिए गए अन्य निर्णय
कैबिनेट की प्रधान सचिव वंदना दादेल ने बैठक के बाद जानकारी देते हुए बताया कि
झारखंड राज्य पुलिस रेडियो में अवर निरीक्षक, वितंतु (वायरलेस सब इंस्पेक्टर) संवर्ग नियुक्ति नियमावली, 2016 और इंडिया रिजर्व बटालियन में आरक्षी नियुक्ति नियम में संशोधन को मंजूरी दे दी गई है।
उन्होंने बताया कि इससे पहले उत्पाद सिपाही पद के लिए भी राज्य सरकार ने इसी तरह का बदलाव किया था।
वंदना दादेल ने बताया कि बैठक में कुल 18 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है।
इनमें तीन नए आपराधिक कानूनों से जुड़ी ई-गवर्नेंस व्यवस्था को भी स्वीकृति दी गई है।
अब जांच अधिकारी जब किसी आपराधिक घटना स्थल पर जाएंगे, तो वहां की फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग अनिवार्य होगी।
प्रत्येक अधिकारी को एक यूनिक आईडी और मोबाइल एप्लिकेशन प्रदान किया जाएगा, जिसके माध्यम से जांच से जुड़ी सारी जानकारी, फोटो और वीडियो ऑनलाइन अपलोड की जाएगी।
यह व्यवस्था न्यायिक प्रक्रिया में पारदर्शिता और तकनीकी सशक्तिकरण की दिशा में अहम कदम साबित होगी।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा – “नए बदलावों के साथ आगे बढ़ रहा झारखंड”
कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड का गठन हमारे लिए गर्व का विषय है और राज्य स्थापना के 25वें वर्ष में पहुंचना बेहद खुशी की बात है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस अवसर पर कई विकासपरक कार्यक्रम और उत्सव आयोजित कर रही है ताकि जनता को राज्य की उपलब्धियों और योजनाओं से अवगत कराया जा सके।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपील करते हुए कहा –
“हमारी कोशिश है कि झारखंड अब नए बदलावों और अवसरों के साथ आगे बढ़े। युवाओं से अनुरोध है कि वे अपनी सृजनशीलता, ज्ञान और ऊर्जा के साथ राज्य के समग्र विकास में योगदान दें।”
उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग के सहयोग से झारखंड को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाया जाएगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए “सोना झारखंड” का निर्माण किया जाएगा।
राज्य स्थापना दिवस पर होंगे विशेष आयोजन
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य के 25वें स्थापना दिवस के मौके पर पूरे प्रदेश में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
हर जिले और प्रखंड में उत्सव जैसा माहौल होगा।
उन्होंने कहा कि – “हम सबको मिलकर झारखंड को सजाने-संवारने और नई दिशा देने की जरूरत है।”