धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

Share This News

गिरिडीह: धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर आज गिरिडीह जिला प्रशासन की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपायुक्त–सह–जिला दंडाधिकारी श्री रामनिवास यादव एवं पुलिस अधीक्षक ने सिरसिया स्थित बिरसा मुंडा चौक पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर उपायुक्त श्री रामनिवास यादव ने कहा कि यह दिन हर झारखंडवासी के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि झारखंड अपने 25 वर्षों के युवा सफ़र में प्रवेश कर चुका है और इसी दिन भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती मनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड की धरती खनिज संपदा के साथ-साथ अपनी लोक संस्कृति, परंपरा, गीत-संगीत और नृत्य के कारण विश्व पटल पर विशिष्ट पहचान रखती है।

उपायुक्त ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन संघर्ष को नमन करते हुए कहा कि उनका त्याग, साहस और नेतृत्व क्षमता सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा द्वारा चलाया गया ऐतिहासिक उलगुलान आदिवासी अस्मिता और अधिकारों की रक्षा का प्रतीक है। उनकी अदम्य इच्छाशक्ति और बलिदान के कारण आज भी झारखंड की माटी, संस्कृति और धरोहर सुरक्षित है।

कार्यक्रम में जिला नजारत उप समाहर्ता, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी गिरिडीह सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। सभी ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

 

Related Post