गिरिडीह में “रन फॉर झारखंड” दौड़ का हुआ आयोजन, युवाओं में दिखा उत्साह…झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह–2025 के तहत कार्यक्रम आयोजित

Share This News

गिरिडीह:- झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह–2025 के तहत राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज गिरिडीह स्टेडियम में “रन फॉर झारखंड” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त श्री रामनिवास यादव द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर पूर्वी वन प्रमंडल पदाधिकारी श्री मनीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार, उप विकास आयुक्त श्रीमती स्मृता कुमारी, अपर समाहर्ता श्री विजय सिंह बीरूआ, सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्रीकांत यशवंत विस्पुते समेत अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

उपायुक्त श्री रामनिवास यादव ने इस अवसर पर कहा कि “रन फॉर झारखंड” राज्य की एकता, ऊर्जा और प्रगतिशील भावना का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वस्थ, सशक्त और विकसित झारखंड के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। उपायुक्त ने कहा कि यह आयोजन राज्य की युवा शक्ति के उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा को दर्शाता है।

“रन फॉर झारखंड” दौड़ में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों एवं आमजनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतिभागियों ने “झारखंड @25” थीम के साथ राज्य की एकता, ऊर्जा और गौरव का संदेश दिया। यह दौड़ गिरिडीह स्टेडियम से प्रारंभ होकर समाहरणालय, पपरवाटॉड से होते हुए पुनः स्टेडियम में समाप्त हुई।

इस अवसर पर उपायुक्त ने बताया कि 11 से 15 नवंबर तक राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें परिसंपत्तियों का वितरण, पौधरोपण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद एवं जन-जागरूकता गतिविधियाँ शामिल हैं।

आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा:

12 नवंबर: टावर चौक से कालीबाड़ी चौक तक पारंपरिक नृत्य वाद्य यंत्रों सहित स्ट्रीट डांस एवं फूलो-झानो जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम।

13 नवंबर: झंडा मैदान से खंडोली पर्यटन स्थल तक साइकिल रैली।

14 नवंबर: पारंपरिक आदिवासी जतरा कार्यक्रम।

15 नवंबर: मुख्य समारोह — उत्कृष्ट प्रतिभागियों एवं विजेताओं का सम्मान, रक्तदान शिविर, सांस्कृतिक नृत्य-नाटक-संगीत का प्रदर्शन, तथा विकास मेला का आयोजन, जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी हेतु स्टॉल लगाए जाएंगे।

“रन फॉर झारखंड” आयोजन ने गिरिडीह में राज्य स्थापना दिवस समारोह की शुरुआत जोश, एकता और गर्व की भावना के साथ कर दी।

 

Related Post