गिरिडीह :- खोरीमहुआ अनुमंडल प्रशासन ने खनिज संसाधनों की अवैध ढुलाई पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मिनी ट्रकों को ढिबरा (माइका स्क्रैप) समेत जब्त किया है। अनुमंडल पदाधिकारी खोरीमहुआ, श्री अनिमेष रंजन के नेतृत्व में यह विशेष छापेमारी अभियान मंगलवार देर रात संचालित किया गया।

प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने घोड़थम्बा–जमुआ मुख्य मार्ग पर निगरानी करते हुए दो मिनी ट्रकों को रोका, जिसमें भारी मात्रा में अवैध ढिबरा लदा हुआ मिला। दोनों वाहनों को जप्त कर धनवार थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है। प्रशासन ने संचालकों पर कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
एसडीओ अनिमेष रंजन ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन और ढिबरा परिवहन का नेटवर्क सक्रिय था, जिसे समाप्त करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि अवैध खनन एवं ढुलाई में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। खनिज माफियाओं के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि अवैध खनन न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों को भी गंभीर हानि होती है। इसी कारण प्रशासन ऐसे अभियानों को लगातार जारी रखेगा।