गिरिडीह में शनिवार का दिन गिरिडीह शहरवासियों के लिए विकास की बड़ी सौगात लेकर आया। नगर विकास एवं आवास विभाग की ओर से गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र के सभी 36 वार्डों में कुल 71 विभिन्न विकास योजनाओं का एक साथ शिलान्यास किया गया। इन योजनाओं की आधारशिला नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने रखी। योजनाओं की कुल लागत लगभग 6 करोड़ 27 लाख रुपये बताई जा रही है।

इन विकास कार्यों के पूर्ण होने के बाद शहर की बुनियादी सुविधाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी। शिलान्यास कार्यक्रम की शुरुआत नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष संजय कुमार सिंह, गिरिडीह एसडीएम श्रीकांत बिसपूते तथा नगर निगम के पदाधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके पश्चात विधिवत पूजा-अर्चना के बाद मंत्री द्वारा विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि विकास योजनाओं की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने आम जनता और मीडिया से अपील की कि वे निर्माण कार्यों पर नजर रखें, ताकि योजनाएं पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ समय पर पूरी हो सकें।

इस अवसर पर नगर निगम के एसडीओ कौशलेश यादव ने बताया कि इस राशि से पीसीसी सड़कों, नालियों के निर्माण एवं डायवर्सन जैसे महत्वपूर्ण कार्य कराए जाएंगे। लंबे समय से शहरवासी इन बुनियादी सुविधाओं की मांग कर रहे थे। इन योजनाओं के पूरा होने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि जल निकासी व्यवस्था में भी उल्लेखनीय सुधार आएगा।

कार्यक्रम में झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष एवं 20 सूत्री अध्यक्ष संजय कुमार सिंह, सचिव महनलाल सोरेन, शाहनवाज अंसारी, अजीत कुमार पप्पू, रॉकी सिंह, टुन्ना सिंह, अभय कुमार सिंह सहित गिरिडीह के एसडीएम श्रीकांत बिसपूते, नगर निगम के उप प्रशासक, सिटी मैनेजर, अभियंता, जेई, निगम कर्मी, संवेदक तथा बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य लोग उपस्थित थे।

मैं अभिमन्यु कुमार पिछले चार वर्षों से गिरिडीह व्यूज में बतौर “चीफ एडिटर” के रूप में कार्यरत हुं,आप मुझे नीचे दिए गए सोशल मीडिया के द्वारा संपर्क कर सकते हैं।