80 साल बाद भी सड़क निर्माण की बाट जोह रहा बेलाटांड़, बारिश में कीचड़ और गड्ढों से ग्रामीण परेशान

Share This News

गिरिडीह/देवरी:- देवरी प्रखंड क्षेत्र के बेलाटांड़ गांव के ग्रामीण इन दिनों बदहाल सड़क के कारण भारी परेशानी झेल रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, बेलाटांड़ गांव से होकर गुजरने वाली करीब 5 किलोमीटर लंबी सड़क, जो बेंगाबाद–चतरो मुख्य मार्ग को बिहार सीमा से जोड़ती है, आजादी के करीब 80 वर्ष बाद भी निर्माण की बाट जोह रही है।

इस सड़क से बरामो, बेलाटांड़, सझियारी, लाछुवाडी, करमाटांड़, खोसोखार और संदुरी समेत कई गांव जुड़े हुए हैं। करीब 1500 की आबादी वाले बेलाटांड़ सहित आसपास के गांवों के विद्यार्थी, किसान, मजदूर और अन्य ग्रामीण प्रतिदिन इसी मार्ग से आवागमन करते हैं।

बारिश में बढ़ जाती है परेशानी

बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति और भी बदतर हो जाती है। जगह-जगह गड्ढे और कीचड़ जमा होने से पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क खराब होने के कारण विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज जाने, किसानों को खेतों और बाजार तक पहुंचने तथा मरीजों व अन्य जरूरतमंदों को आवागमन में काफी परेशानी होती है।

कई बार उठी सड़क निर्माण की मांग

ग्रामीणों के मुताबिक, सड़क निर्माण की मांग को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को जानकारी दी जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक सड़क निर्माण को लेकर कोई ठोस पहल नहीं हुई है। ग्रामीणों में इसे लेकर नाराजगी भी देखी जा रही है।

ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सड़क का जल्द निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क बनने से आसपास के कई गांवों को मुख्य मार्ग से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और विद्यार्थियों, किसानों, मजदूरों समेत आम लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।