उत्क्रमित +2 उच्च विद्यालय दुम्मा में राष्ट्रीय खेल दिवस पर तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित..

Share This News

जमुआ: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर उत्क्रमित +2 उच्च विद्यालय दुम्मा, जमुआ में तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची एवं शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश के आलोक में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद खेल शपथ ग्रहण कराया गया।

विद्यालय के नए परिसर बरोटांड़ में आयोजित खेलकूद कार्यक्रम में कबड्डी, दौड़, फुटबॉल, रस्साकशी, चम्मच-गोली दौड़, पिट्ठू सहित विभिन्न खेलों एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

खेल कार्यक्रम का नेतृत्व सहायक शिक्षक संजय कुमार, किशोर कुमार, टहल रबिदास एवं फूलमती कुमारी ने किया। इस दौरान मनोज कुमार ने ब्रिक्स में भारत की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को जीवन में खेलों के महत्व के बारे में जानकारी दी।

राष्ट्रीय खेल दिवस के अंतिम दिन रविवार को विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य बिनोद कुमार ने सभी शिक्षकों की उपस्थिति में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि रविवार होने के बावजूद छात्र-छात्राओं की शानदार उपस्थिति रही, जो खेलों के प्रति उनके उत्साह को दर्शाता है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में ज्योति कुमारी, सूरज दास, विशाल कुमार, कृष्णा कुमार, सुनैना, रौशनी एवं अराधना पाठक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।