झारखंड के कई हिस्सों में बीते कुछ दिनों से बारिश हो रही हैं गर्मी के महीने में ठंडे का अहसास दिला रहा हैं। तेज बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। मंगलवार सुबह तक भी लगातार हुई बारिश के साथ मेघगर्जन ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी राहत के संकेत नहीं दिए हैं और राज्य में 10 मई तक बारिश, गरज के साथ बूंदाबांदी तथा तापमान में गिरावट का अनुमान जताया है।
राजधानी रांची में बारिश के दौरान सुरक्षा कारणों से बिजली व्यवस्था पूरी तरह बाधित करनी पड़ी। तेज गर्जन और बिजली गिरने के खतरे को देखते हुए ग्रिड और सभी फीडरों से सप्लाई बंद कर दी गई। इसके चलते शहर के कई इलाकों में दो से तीन घंटे तक अंधेरा छाया रहा।
बारिश थमने के बाद बिजली बहाली का काम शुरू किया गया, लेकिन लोकल फॉल्ट की वजह से लोगों को लगातार बिजली की आवाजाही झेलनी पड़ी। कई जगहों पर ट्रांसफॉर्मर के फ्यूज उड़ने की समस्या सामने आई, जिससे लाइन ट्रिपिंग की घटनाएं बढ़ गईं। हालांकि बिजली विभाग ने समय रहते मरम्मत कर सप्लाई बहाल करने की कोशिश की।
इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के लिए 10 मई तक ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि कई जिलों में 10 मई तक भारी बारिश और गरज के साथ बारिश जारी रह सकती है। लोगों को बारिश के समय सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
लगातार बदलते मौसम के कारण दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन बारिश और बिजली कटौती ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है।